जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो ने वीरवार को 260 करोड़ रुपये के राशन घोटाले के आरोप में उपभोक्ता मामले एवं जन वितरण विभाग के पूर्व सुपरवाइजर राकेश परगवाल को गिरफ्तार कर लिया। राकेश उधमपुर के वार्ड 13 का रहने वाला है। आरोपी एफसीआई गोदाम उधमपुर का पूर्व सुपरवाइजर और उपभोक्ता मामले एवं जन वितरण विभाग में इंचार्ज विजिलेंस स्कवायड भी रहा है।
परगाल के खिलाफ साल के शुरुआत में ही केस दर्ज किया गया था। गेहूं की खरीद में 260 करोड़ रुपये से अधिक की धांधली के आरोप में परगवाल पर केस दर्ज है और मामले की जांच चल रही थी। गेहूं की खरीद, इसकी पिसाई, ढुलाई, वितरण, लेबर और अन्य को लेकर फर्जी बिल निकालकर यह पैसा हड़पा गया। आरोपी ने ठेकेदारों, मिल मालिकों और विभागों के अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर इस धांधली को किया। सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया। आरोपी उधमपुर में ही राशन वितरण विभाग में अलग अलग पदों पर रहा है और उसने राशन के बड़े स्तर पर घोटाले किए। वीरवार को एसीबी ने दबोचा लिया। अब मामले में आगे की जांच की जाएगी।