जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय में एडवाइजरी कमेटी ने अर्थ साइंस विभाग बनाने की मंजूरी दे दी है। इस विभाग में पीएचडी कोर्स इस सत्र 2020-21 से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं विभाग में एमएससी शुरू करने पर एकैडमिक काउंसिल की बैठक में फैसला लिया जाएगा, जिसमें यह तय किया जाएगा कि कब से विभाग में पीजी कोर्स शुरू किया जा सकता है। डिपार्टमेंट ऑफ अर्थ साइंस में वाटर-रॉक इंट्रेक्शन एंड वाटर मैनेजमेंट स्ट्रेटिजिस, जियोकैमिस्ट्री, गलेशियोलॉजी, जियोमॉरफोलॉजी आदि विषयों में पढ़ाई कर चुके सदस्यों को फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
इस विभाग में हिमालयों, गलेशियर्स में होने वाली प्राकृतिक आपदाओं, हिमालय से निकलने वाली नदियों आदि से संबंधित पढ़ाई करवाई जाएगी। यूनिवर्सिटी में पीएचडी कोर्स इसी सत्र से शुरू करने की तैयारी की जा रही है पर विभाग में पीजी कोर्स शुरू करने में कुछ समय लग सकता है। इसका फैसला एकेडमिक काउंसिल की बैठक में ही किया जाएगा कि पीजी कोर्स कब शुरू होगा।