प्रशिक्षित बेरोजगार एएनएम ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों में रिक्त पदों के सापेक्ष वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर निरस्त हुई विज्ञप्ति पुन: जारी करते हुए 700 पदों पर नियुक्तियां दिए जाने की मांग की है। स्वास्थ्य मंत्री ने एएनएम संघ को वार्ता के लिए देहरादून बुलाया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 22 जुलाई को वार्ता के बाद इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार को जिले की प्रशिक्षित बेरोजगार एएनएम संघ पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत से खिर्सू में मुलाकात की। इस मौके पर संघ की जिलाध्यक्ष अरुणा असवाल व जिला सचिव विधि भंडारी ने बताया कि सरकार ने मार्च 2018 को एएनएम के 380 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की थी, जिसे हाईकोर्ट के निर्देश पर जून 2020 में निरस्त कर दिया गया है। लेकिन एक वर्ष बाद भी सरकार ने मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं दिया। जिला उपाध्यक्ष मेनका बछेती ने कहा कि संघ ने स्वास्थ्य मंत्री से गिरफ्तार बहनों पर किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने की मांग की है। इस अवसर पर संघ की कोषाध्यक्ष उर्मिला रावत, नीलम, रश्मि, मीनाक्षी, रेनु, सुषमा भट्ट आदि मौजूद रहे।