जम्मू। जेएंडके बैंक के चेयरमैन व प्रबंधक निदेशक राजेश कुमार छिब्बर ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई के बीच अपने उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बैंक प्रशासन उचित कदम उठा रहा है। लेकिन इसके लिए लोग सहयोग करें।
जेएंडके बैंक के चेयरमैन ने कहा कि बैंक अपनी सेवाओं और वित्तीय सेवाओं को प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। मौजूदा परिस्थितियों में कई चुनौतियां भी हैं, लेकिन उम्मीद है कि सभी हितधारकों, सरकार, कर्मचारियों और विशेष रूप से आम जनता के समर्थन से ऐसी चुनौतियां दूर हो जाएंगी। हमने सुनिश्चित किया है कि हमारी सेवाएं हमारे मूल्यवान ग्राहकों के लिए समय पर और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हों। वर्तमान परिस्थितियों में यह महत्वपूर्ण है कि हममें से प्रत्येक अर्थात बैंकर्स और ग्राहक प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें। वर्तमान स्थिति में सामाजिक दूरी को बनाए रखना समय की जरूरत है। इसलिए जनता हर जगह भीड़ से बचे। महिला जन धन योजना के खातों में जमा धन उनके संबंधित खातों में सुरक्षित है और लाभार्थियों को उन्हें वापस लेने के लिए पैनिक मोड में बैंकों में नहीं जाना चाहिए। महिला जन धन खाता धारकों के लिए पैसे निकालने की अनुसूची को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधितों की जानकारी के लिए बढ़ावा दिया गया है। ऐसे लाभार्थियों से अनुरोध किया गया है कि आने वाले महीनों के लिए बैंक द्वारा जारी शेड्यूल का पालन करें।