पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी नगर की स्वच्छता पर असामाजिक तत्व पलीता लगा रहे हैं। पुष्प वाटिका मातृशक्ति की पहल पर नगर को विभिन्न जगहों पर उगाई गई पुष्प वाटिका और साफ किए गए पार्काें को असामाजिक तत्व कूड़ा आदि फैला रहे हैं। पुष्प वाटिका मातृ शक्ति की अध्यक्ष व राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने बताया कि महिलाओं ने बीते वर्ष नगर क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर स्वच्छता सफाई अभियान चलाकर झाड़ी कटान किया और उनमें विभिन्न प्रजातियों के फूल लगाए। साथ ही अस्पताल मोहल्ले के समीप के गंदे पार्कों को साफ कर बैठने योग्य बनाया। लेकिन अब इन जगहों पर असामाजिक तत्व गंदगी फैला रहे हैं। जबकि पुष्प वाटिकाओं को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने जिला व पालिका प्रशासन से ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग उठाई है।