पौड़ी। मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त दस लाख रुपये देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त संगठन मोर्चा उत्तराखंड के आह्वान पर बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता और सहायिकाएं कलेक्ट्रेट परिसर के समीप एकत्रित हुईं। मांगों से नाराज कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष रिंकी रावत ने बताया कि 9 नवंबर तक कार्य बहिष्कार किया जा रहा था। शासन को ज्ञापन भेजकर मांगों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी लेकिन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
संगठन के दिशा निर्देशों पर कार्यकर्ताओं ने विभागीय ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों के साथ ही पोषण ट्रेकर, बीएलओ और अन्य कार्यों का बहिष्कार करना शुरू कर दिया है। कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर बिनीता रावत, ललिता देवी, सावित्री देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता देवी, रेखा देवी, पार्वती देवी आदि मौजूद रहे।