पौड़ी। तहसील पौड़ी में राजस्व क्षेत्र अगरोडा के पास चांदनीधार में शराब पी रहे कुछ युवाओं को एक पूर्व सैनिक के शराब पीने से रोकना नागवार गुजरा। शराबियों ने पूर्व सैनिक को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने शोरगुल सुनकर बीच बचाव किया। इसके बाद शराबी भाग गए। घायल पूर्व सैनिक को जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घायल का उपचार देहरादून में चल रहा है। वहीं राजस्व पुलिस ने घायल पूर्व सैनिक के भाई की तहरीर पर एक नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।तहसील पौड़ी के नायब तहसीलदार संजय सिंह नेगी ने बताया कि बीते बुधवार की शाम को अगरोडा के पास चांदनीधार में कुछ युवा शराब पी रहे थे। चिंडालू गांव निवासी पूर्व सैनिक विक्रम सिंह ने युवाओं को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने पर आपत्ति जताई। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बताया कि इस दौरान 8 युवाओं ने विक्रम सिंह को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। मारपीट में विक्रम सिंह के सिर, चेहरे पर चोट आई। एनटी नेगी ने बताया कि घायल पूर्व सैनिक विक्रम सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह की तहरीर पर मारपीट के आरोपी रजत उप्रेती व सात अज्ञात के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि आरोपी रजत को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। वहीं जिला अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. कमलजीत ने बताया कि घायल के सिर में गहरी चोट आई है।
ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों व बजरंग दल ने की कार्रवाई की मांग
तहसील पौड़ी के चिंडालू गांव निवासी पूर्व सैनिक के साथ मारपीट की घटना पर ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों व बजरंग दल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाए जाने की मांग की है। घायल की परिजन रोशनी बिष्ट, सेवानिवृत्त सूबेदार रणवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शराबियों के हुड़दंग से ग्रामीण परेशान हैं। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, बजरंग दल के संयोजक अरुण चमोली, विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष परमानंद चतुर्वेदी ने प्रकरण को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किए जाने की मांग की।