श्रीनगर से बिहार जाने के लिए अपनी बस का इंतजार करते मजदूर
- फोटो : SHRINAGAR
प्रशासन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के 110 मजदूरों को परिवार सहित ऋषिकेश तक भेजा। मजदूरों को ऋषिकेश से उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस लेकर जाएगी। वहीं, अपनी व्यवस्था पर बिहार और झारखंड के मजदूरों के जाने का सिलसिला जारी रहा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने यहां रह रहे अपने निवासियों को ऋषिकेश तक लेने के लिए बसें भेजी हैं। तहसीलदार सुनील राज ने बताया कि 110 मजदूर और उनके परिवार वालों को पांच बसों में बैठा कर ऋषिकेश भेजा गया है। इधर, मंगलवार को बिहार के लगभग 40 मजदूर बस बुक कर गंतव्य को रवाना हुए। जबकि झारखंड के 10 मजदूर सोमवार से जीआईएंडटीआई मैदान में बस की इंतजारी कर रहे हैं। उनके 30 साथी सोमवार को दो बसों में बैठकर चले गए। ज्यादा सवारी होने की वजह से बस चालक ने बैठाने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि सोमवार रात उन्हें मैदान में ही भूखे पेट सोना पड़ा। बताया कि उनके 30 साथी और आ रहे हैं। इसके बाद वह बस बुक कर झारखंड के दुम्का जिले चले जाएंगे।