पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
तहसील पौड़ी के एक राजस्व क्षेत्र स्थित एक गांव के ग्रामीण ने बीते नौ अक्तूबर को राजस्व पुलिस को एक तहरीर सौंपी थी, जिसमें बताया कि उसकी 17 साल की भतीजी घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया है।
कोतवाली पौड़ी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किशोरी के अपहरण की जीरो एफआईआर दर्ज की। प्रकरण में नायब तहसीलदार पौड़ी ने मुकदमा रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किए जाने के लिए डीएम को पत्र भेजा। डीएम पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किए जाने का आदेश जारी किया।
एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच महिला थाना श्रीनगर पुलिस को सौंपकर एक टीम गठित कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई। परसुंडाखाल के समीप एक यात्री शेड से किशोरी को एक युवक के पास मिली। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ किशोरी को बहलाकर भगाने, दुष्कर्म, पॉक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे जिला कारागार खांड्यूसैंण भेज दिया गया है। बताया कि जिला बाल कल्याण समिति ने किशोरी की काउंसिलिंग की। उसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।