पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल के एक गांव में दिव्यांग नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी युवक को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर राजस्व पुलिस में अज्ञात के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को आरोपी की पहचान के बाद राजस्व पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विकास खंड कल्जीखाल के एक गांव में विगत एक अगस्त की शाम को नेपाली मूल की एक दिव्यांग नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। पीड़िता के पिता ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए राजस्व पुलिस से मामले में तहरीर दी थी। राजस्व पुलिस ने मामले में पोक्सो की धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। दो अगस्त को राजस्व पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। राजस्व पुलिस ने पीड़िता के कलमबद्ध बयान भी दर्ज कराए थे। शुक्रवार को आरोपी युवक की पहचान होने के बाद शनिवार को राजस्व पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। राजस्व उपनिरीक्षक श्वेता ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। कहा कि मेडिकल के बाद युवक को न्यायालय में पेश किया जाएगा। हालांकि बताया जा रहा है कि उक्त युवक घटना के दिन से ही गांव में ही था। बावजूद इसके राजस्व पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में एक सप्ताह से अधिक का समय लिया। वहीं राजस्व पुलिस गिरफ्तारी को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई। संवाद