पौड़ी। गढ़वाल केंद्रीय विवि के छात्रसंघ चुनाव में एक अक्तूबर को मतदान व मतगणना को लेकर बीजीआर कैंपस पौड़ी में चुनाव की गतिविधियां तेज हो गई हैं। अधिक से अधिक छात्र मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए छात्र नेता कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। एबीवीपी ने रैली निकालकर छात्रों को मतदान की अपील की। वहीं मुख्य चुनाव अधिकारी ने परिसर में रैली की अनुमति नहीं होने के चलते रैली को परिसर में आने से रोक लिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को कंडोलिया थीम पार्क में सभा कर चुनावी प्रचार को धार दी। उन्होंने परिषद के प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतदान की अपील की। परिषद के पदाधिकारियों के साथ प्रत्याशियों ने ढोल नगाड़ों के साथ कंडोलिया से विवि परिसर तक रैली निकाली। लेकिन रैली को विवि परिसर के मुख्य गेट पर ही रोक लिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. पीयूष सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में छात्रसंघ नेताओं द्वारा पूर्व सूचना नहीं दी गई। लिहाजा यह आचार संहिता का उल्लंघन है। जिसके चलते रैली को परिसर के मुख्य गेट से ही वापस लौटना पड़ा। एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अभिरुचि नौटियाल, उपाध्यक्ष पद पर प्रेमचंद्र गुर्जर व यूआर के लिए अभिषेक जुगरान को मैदान में उतारा है। उन्होंने छात्र मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान की अपील की। इस दौरान भायुमो के जिलाध्यक्ष मयूर भट्ट, पंकज धामी, आशुतोष चौबे, स्वप्निल धस्माना और अनुज किमोठी आदि शामिल रहे।