राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस टीचिंग अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करते हुए अस्पताल की समस्याओं के निराकरण की मांग की।
बृहस्पतिवार को बेस अस्पताल परिसर में प्रगतिशील जनमंच के बैनर तले विभिन्न संगठन एकत्रित हुए। इस मौके पर धरना देते हुए वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होना चाहिए था, लेकिन इसका उल्टा हुआ। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चार साल से सीटी स्कैन मशीन खराब चल रही है। आज तक नई मशीन नहीं खरीदी जा सकी है। अस्पताल में न्यूरो सर्जन और कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जानी चाहिए। स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग और बाल रोग विभाग में डॉक्टरों की कमी से सेवाएं प्रभावित हो रही है। उन्होंने रोष जताया कि अस्पताल में वरिष्ठ/विशेषज्ञ चिकित्सकों और संसाधनों की कमी की वजह से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। धरना देने वालों में प्रजमं के अध्यक्ष अनिल स्वामी, व्यापार सभा श्रीकोट के अध्यक्ष नरेश नौटियाल, वार्ड सभासद विभोर बहुगुणा, आइसा के अतुल सती, बिड़ला परिसर के छात्र संघ विवि प्रतिनिधि अंकित उछोली, अरुण खुगसाल, योगेंद्र कांडपाल, भागवत पांडे, विनोद लिंगवाल, शकुंतला राणा, जेएस दानू, प्रेम बल्लभ नैथानी, प्रीतम नेगी, अनूप कठैत और आशुतोष आदि शामिल थे।