देवप्रयाग। दिल्ली की सामाजिक संस्था ऐन इनीशिएटिव टच योर सोल द्वारा पौड़ी और टिहरी जिलों के विभिन्न विद्यालयों में गरीब और जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, सैनिटरी नैपकिंस, अंडरवियर और ट्रैक सूट जैसी आवश्यक सामग्री वितरित की। संस्था के एरिया कोऑर्डिनेटर भानु प्रकाश बमराड़ा ने जीआईसी क्यार्क और जीएचएचएस आमणि गुसाईं के विद्यालयों में स्वयं पहुंचकर बच्चों को अपने हाथों से स्कूल बैग बांटे और कहा कि संस्था भविष्य में भी समय-समय पर जरूरतमंद बच्चों की मदद करती रहेगी ताकि गरीबी के कारण आवश्यक वस्तुओं का अभाव बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न बने। इसके अलावा संस्था की ओर से जीआईसी पलेटी, जीआईसी कंडारा, जीआईसी उज्यारी और जीआईसी ल्वाली जैसे विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, छात्र-छात्राओं के लिए शौचालयों के निर्माण के साथ-साथ कंप्यूटर प्रिंटर और साउंड सिस्टम भी उपलब्ध कराए गए हैं। एरिया कोऑर्डिनेटर भानु प्रकाश बमराड़ा व रेखा बमराड़ा ने क्षेत्रीय जनता की ओर से संस्था की फाउंडर मधु चौधरी, आशीष सहगल, नीरद कौशल और पारुल का आभार व्यक्त करते हुए आगे भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद जताई है।