पौड़ी। वन विभाग ने गुलदार के नाखून के साथ एक नेपाली मूल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने आपसी संघर्ष में मारी गई मादा गुलदार के शव से नाखून निकाल लिए थे।
गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज में बीती 29 मई को एक मादा गुलदार का शव बरामद हुआ था। वन विभाग के अधिकारियों ने उसकी मौत का कारण आपसी संघर्ष बताया था। लेकिन सोमवार को मामले में नया मोड़ आ गया।
वन विभाग ने मादा गुलदार के शव से नाखून निकालने के आरोप में नेपाली मूल के प्रकाश चंद को गिफ्तार किया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रकाश चंद ने मादा गुलदार के शव को झाड़ियों में पड़े हुए देखा था। आरोप है कि उसने वन विभाग की टीम के आने से पहले ही गुलदार के शव से छह नाखून निकाल लिए थे।
हालांकि वन विभाग अभी भी गुलदार की मौत का कारण आपसी संघर्ष ही बता रहा है। वन क्षेत्राधिकारी नागदेव रेंज पौड़ी अनिल भट्ट ने बताया कि प्रकाश चंद से नाखून बरामद कर लिए गए हैं। भट्ट ने बताया कि गुलदार के नाखून फोरेंसिक जांच के लिए भारतीय वन्य जीव संस्थान, देहरादून भेजे जा रहे हैं।