संवाद न्यूज एजेंसी
मानसिक तनाव के कारण कांच से हाथ की नस काटने का किया प्रयास
लहूलुहान हालत में पहुंचाया गया अस्पताल, पुलिस पूछताछ में कार्रवाई से किया इंकार
श्रीनगर। क्षेत्र में एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच स्थानीय गैस एजेंसी मैनेजर ने कांच से हाथ की नस काटने का प्रयास किया। जख्मी हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना उस समय हुई जब बृहस्पतिवार को रसोई गैस की सीमित आपूर्ति के बीच गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दाैरान एजेंसी कर्मियों और उपभोक्ताओं के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। तभी तनाव में एजेंसी प्रबंधक ने आत्मघाती कदम उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में एलपीजी की आपूर्ति बाधित है। इससे एजेंसी पर रोजाना भीड़ और विवाद की स्थिति बन रही है। सीमित सिलिंडर और बढ़ती मांग के कारण कर्मचारियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इससे तनाव में आकर एजेंसी प्रबंधक ने बृहस्पतिवार को स्वयं को जख्मी कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल मैनेजर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि चोट गंभीर नहीं है और नस सुरक्षित है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव में आकर स्वयं को क्षति पहुंचाई है। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। वह किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं।