कुल्याड़ी गांव में खेत में काम कर रहे एक युवक पर भालू ने झपट्टा मार दिया जिसमें वह घायल हो गया। युवक ने शोर मचाया तो भालू भाग गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ब्लॉक पाबौ का कुल्याड़ी गांव निवासी रघुवीर सिंह खेत (40) में काम कर रहा था तभी भालू ने उस पर झपट्टा मार दिया। भालू को देख उसने शोर मचाया तो भालू भाग गया। परिजन घायल को सीएचसी लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया। घायल के हाथों पर भालू ने घाव किए हैं। जिला अस्पताल के एमएस डाॅ. विजय बाबू अड्डावाला ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है।
मासूम का जिला अस्पताल में चल उपचार
चंदोला राई गांव में मंगलवार रात को गुलदार ने रितु (4) पुत्री अमर सिंह पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं वन विभाग ने गश्त बढ़ाने के साथ ही पिंजरा लगाने की बात कही है।
वहीं गुलदार की दहशत से लोगों में खौफ बना है। इससे दो सप्ताह पहले भी क्षेत्र के गडोली गांव में गुलदार ने 10 वर्ष की बच्ची पर हमला किया था। इसके अलावा कुछ दिनों पहले शिक्षा परिसर क्षेत्र में दो गुलदार एक साथ देखे गए थे जिसका वीडियो वायरल हुआ था। इससे पहले मांडाखाल क्षेत्र में गुलदार देखा गया था। सिविल एवं सोयम व प्रभारी डीएफओ गढ़वाल केएन भारती ने बताया कि गुलदार प्रभावित क्षेत्र चंदोला राई गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए है। साथ ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा।