कोटद्वार। मोटरनगर में सड़क किनारे खड़ी वृद्ध महिला को अज्ञात बाइक सवाल ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। महिला की हालत को देखते हुए राजकीय संयुक्त चिकित्सालय के डाक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार विमला देवी (68) पत्नी ध्रुव सिंह गुसाईं शुक्रवार सुबह मोटरनगर में सड़क किनारे खड़ी थी। महिला के पति ने बताया कि एक बाइक सवार तेज रफ्तार से आया और टक्कर मारकर फरार हो गया। परिजनों ने महिला को राजकीय संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के सिर पर गंभीर चोट होने पर डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन महिला को हायर सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कोतवाल प्रमोद शाह का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद क्या हुआ इसका पता नहीं चला। बाइक सवार की तलाश की जा रही है। इस बारे में परिजनों के आने पर पूछताछ भी की जाएगी।