श्रीनगर/नई टिहरी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि की सत्र 2012-13 का वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सोमवार को विवि ने उक्त परीक्षा कार्यक्रम को सूचना पट्ट पर चस्पा कर दिया। परीक्षाएं दस अप्रैल से पांच जून तक चलेंगी।
विवि के ओएसडी परीक्षा प्रो. एलजे सिंह ने बताया कि विवि की परीक्षाएं 10 अप्रैल से पांच जून तक संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि एमए और एमएससी फाइनल के परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया जाना है। बीए, बीएससी एवं बीकॉम की परीक्षाएं निर्धारित की गई तिथियों पर ही संपन्न होंगी।
दूसरी तरफ, श्रीदेव सुमन विवि की प्राइवेट परीक्षाएं मई द्वितीय सप्ताह से ही शुरू होंगी, जो जून माह तक चलेंगी। जुलाई अंतिम सप्ताह तक विवि ने सभी परीक्षा परिणाम घोषित करने का लक्ष्य तय किया है। सभी केंद्रों से विवि के लगभग 45 हजार फार्मों की बिक्री हुई है, जिनसे विवि को चार करोड़ की आय की उम्मीद है। विवि के कुलपति डा.यूएस रावत ने बताया कि मार्च अंतिम सप्ताह में परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। छात्रों को अनुक्रमांक और नामांकन संख्या आवंटित करने का काम विवि के स्तर पर शुरू हो चुका है। अप्रैल द्वितीय सप्ताह से छात्रों के प्रवेश पत्र भेजे जाने शुरू हो जाएंगे।