श्रीनगर। नगर के समीपवर्ती गांव स्वीत में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को गुलदार ने गांव में घुसकर एक 13 वर्षीय बालिका पर हमला कर दिया। उसे बड़ी मुश्किल से गुलदार की गिरफ्त से छुड़ाया लेकिन गुलदार ने बालिका के गर्दन के पीछे पंजा मार दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने इस संबंध में एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि गुलदार के कारण लोगों में भय बना है और गुलदार से सुरक्षा को देखते हुए पूरी रात जागना पड़ रहा है। स्वीत की प्रधान आशा देवी ने प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम रजा अब्बास ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा इसके लिए वन विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।