कोटद्वार। नंदपुर गांव के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भाबर क्षेत्र के नंदपुर में शव उसके घर की बाउंड्री से कुछ ही दूरी पर मिलने से क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ है। इससे पहले दिन ग्रास्टगंज में भी एक महिला का शव मिला था। शनिवार को एक और शव मिलने से पुलिस के हाथ पांव फूले हुए हैं।
शनिवार सुबह मोटाढाक चौराहे से लगभग पांच सौ मीटर के भीतर नंदपुर में एक व्यक्ति का शव घर के पास ही लगे ट्यूबवेल में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी ट्यूबवेल आपरेटर ने लोगों को दी। जानकारी होने पर लोगों ने शव को पहचाना, जो वहीं पास ही रहने वाले प्रदीप सिंह का है। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर मालिक है। रात के वक्त वह घर से बाइक लेकर कहीं गया हुआ था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मिली जानकारी के अनुसार उसकी बाइक जशोधरपुर में खड़ी पाई गई है। उसके सिर और आंख पर चोट लगी हुई थी। इसके अलावा उसे कोई अन्य चोट नहीं थी।
शादी में गया था
मिली जानकारी के अनुसार वह देर रात किसी शादी में भी शामिल हुआ था। मृतक के जेब से 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उसके दोस्तों और जानने वालों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि उसका किसी के साथ कोई झगड़ा भी नहीं था।
एसपी पहुंची घटना स्थल
घटना की जानकारी मिलते ही कप्तान विमला गुंज्याल मय फोर्स घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने अभी ग्रास्टनगंज में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए होम वर्क शुरू ही किया था कि एक और शव मिलने सेे पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लीवर डैमेज होने से हुई प्रदीप की मौत
कोटद्वार। शनिवार को मोटाढाक के नंदपुर में प्रदीप सिंह का शव मिलने के बाद हुई पीएम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण लीवर का डैमेज होना पाया गया है।
अस्पताल प्रशासन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाहर से लगी चोटों से लीवर डैमेज हुआ है, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाएं तरफ की तीन पसलियां भी टूटी हुई पाई गई हैं। सूत्रों ने बताया कि उसकी मौत का मुख्य कारण लीवर का डैमेज होना ही है। दूसरी ओर, कलालघाटी चौकी में संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
उधर भाबर क्षेत्र में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात को शराब पीने के बाद दो पक्षों में मारपीट हुई थी, लेकिन उसकी सही जानकारी नहीं मिल पाई है। मारपीट की उस घटना को इससे भी जोड़ कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात लगभग साढ़े आठ बजे प्रदीप और उसके साथी ने जशोधपुर शराब ठेके से शराब की खरीददारी की थी।
गंभीरता से होगी जांच
एसपी विमला गुंज्याल ने कहा कि सभी घटनाओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर की जाएगी। साथ ही कहा कि शहर में कानून व्यवस्था को सुधारने पर जोर दिया जा रहा है।