श्रीनगर। राजकीय संयुक्त अस्पताल श्रीनगर के उपनल कर्मचारियों ने वेतन भुगतान के लिए चल रहा आंदोलन स्थगित कर दिया है। कर्मचारियों के अनुसार, महानिदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने मार्च माह के प्रथम सप्ताह में वेतन भुगतान का आश्वासन दिया है।
संयुक्त अस्पताल में उपनल के माध्यम से वार्ड ब्वाय/वार्ड आया पदों पर 9 कर्मचारी तैनात हैं। उक्त कर्मचारियों को पिछले 11 माह से वेतन नहीं मिल पाया है। वेतन की मांग के लिए उक्त कर्मचारी 8 फरवरी से आंदोलनरत थे।
कर्मचारी देव सिंह बिष्ट, राजेंद्र लिंगवाल, अरविंद बिष्ट, धीरेंद्र रावत, विपिन चमोली, हरीश रुडोला, विजय लक्ष्मी, सर्वेश्वरी व यशोदा ने बताया कि वेतन निर्गत करने की मांग के लिए उनका शिष्टमंडल देहरादून डीजी हेल्थ से वार्ता करने गया। डीजी हेल्थ ने अवगत कराया कि शासन ने वेतन भुगतान के लिए बजट आवंटन कर दिया है। महानिदेशालय से मार्च माह के प्रथम सप्ताह में वेतन का बजट अस्पताल के लिए अवमुक्त कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने बताया कि महानिदेशक से वार्ता और चिकित्सा अधीक्षक संयुक्त अस्पताल के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया जा रहा है।