पौड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा पांच मार्च से शुरू होनी है, लेकिन हिल्स इंटरनेशनल विद्यालय ने इंटरमीडिएट के 26 व हाईस्कूल के 14 छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र रोक दिए हैं। मामला तब सामने आया, जब स्कूल के छात्रों ने एडीएम से मुलाकात की। एडीएम ने मामले को गंभीर बताते हुए सीईओ को कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यालय के देवप्रयाग रोड पर नए बस अड्डे के पास हिल्स इंटरनेशनल स्कूल ने इंटरमीडिएट के 26 व हाईस्कूल के 14 छात्रों के प्रवेश पत्र पर रोक लगाई है। स्कूल के 27 छात्रों ने एडीएम रामजी शरण शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि वे स्कूल में पूरे साल की फीस जमा कर चुके हैं, लेकिन जब वे प्रवेेश पत्र लेने स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य डा. आरसीएस रावत ने कहा कि उन्हें 850 रुपये प्रवेश पत्र लेने से पहले जमा करने होंगे। इस पर छात्रों की प्रिसिंपल से लंबी वार्ता भी हुई, लेकिन प्रिसिंपल ने एक भी नहीं सुनी और कहा कि 850 रुपये जमा करने के बाद ही प्रवेश पत्र दिया जाएगा। एडीएम रामजी शरण शर्मा ने मामले को गंभीर करार देते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत को निर्देश दिए हैं कि छात्रों को तत्काल प्रवेश पत्र आवंटित करवाएं। इसके अलावा स्कूल के खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाए। एडीएम से मिले छात्रों में रोहित भट्ट, प्रियांशु रावत, सोनाली, विभा, हिमांशु रावत, दीपक सिंह, मयंक पंवार, शुभम व अभिषेक आदि शामिल रहे।
कोट
स्कूल में फिजिकल एजुकेशन के अलावा पंखे, बिजली के स्विच आदि की तोड़फोड़ पर 350 रुपये का शुल्क लगाया गया है। छात्र-छात्राओं ने ये शुल्क जमा नहीं किया है। ऐसे में उनके प्रवेश पत्र रोके गए हैं। मैं देहरादून चला गया हूं। तीन मार्च को वापसी पर प्रवेश पत्र शुल्क लेकर आवंटित कर दिए जाएंगे।
-डा. आरसीएस रावत, प्रिंसिपल, हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी।
कोट
प्रवेश पत्र रोका जाना गंभीर मामला है और इस मामले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-रामजीशरण शर्मा, एडीएम पौड़ी।
कोट
स्कूल बंद है और तीन मार्च को स्कूल खुलते ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। स्कूल को कोई अधिकार नहीं है कि वह छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र रोके।
-मदन सिंह रावत, सीईओ पौड़ी।