पौड़ी। मुख्यालय के दूरस्थ राठ क्षेत्र के टीला व बर्मोथ गांव के ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने मांग की कि गांवों को डोबरी-पौड़ी योजना से ही पानी उपलब्ध करवाया जाए, अन्यथा वे पेयजल योजना पर कब्जा कर लेंगे। डीएम से मुलाकात के बाद ग्रामीणों ने पेयजल निगम कार्यालय में धरना दिया।
जिला मुख्यालय के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी सुशील कुमार को सौंपे पत्र में बताया कि टीला व बर्मोथ गांव की कुल जनसंख्या 1800 है। इन गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को पूर्व में टीला पेयजल योजना से पानी मिलता था, लेकिन योजना क्षतिग्रस्त हो गई और अब गांवों में पानी का संकट गहरा गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 में नई योजना का सर्वे किया गया, लेकिन योजना अभी तक नहीं बनी। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि उन्हें जल्द पानी मुहैया नहीं करवाया गया तो वे डोबरी-पौड़ी पेयजल योजना को अपने कब्जे में ले लेंगे। जिलाधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जल निगम कार्यालय में धरना दिया। डीएम से मिले प्रतिनिधिमंडल में ग्राम प्रधान टीला सते सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह, सोबत सिंह, दर्शन सिंह, वेलम सिंह, संग्राम सिंह, नारायण सिंह, कुंवर सिंह, सरेंद्र सिंह व पदम सिंह आदि शामिल रहे।