पौड़ी। अस्पताल में डाक्टरों की तैनाती और डिजिटल एक्स-रे मशीन दुरुस्त करने समेत अन्य मांगों को लेकर लोगों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे धरने पर डटे रहेंगे। यूकेडी जिला इकाई ने भी इस बारे में डीएम को पत्र दिया। यूकेडी ने 15 दिन में डाक्टरों के रिक्त पदों पर तैनाती की मांग की है।
जिला अस्पताल में डाक्टरों की नियुक्ति, डिजिटल एक्स-रे मशीन दुरुस्त करने एवं डाक्टरों की आवासीय व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लोगों ने जिला अस्पताल में तीसरे दिन भी धरना दिया। धरना स्थल पर हुई बैठक में धर्मवीर सिंह रावत ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती के साथ अन्य व्यवस्थाएं डांवाडोल हैं। बैठक में तय किया गया कि धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक अस्पताल की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नहीं हो जातीं। धरने में रघुवीर सिंह, गरीश बडथ्वाल, सुभाष नेगी, वीरेंद्र सिंह, केपी उनियाल, केदार सिंह, विनोद जोशी, के.डेविड, कैलाश बिष्ट, जगमोहन सिंह, मनमोहन सिंह, नवीन मियां, संगीता रावत, सुषमा मियां, कुसुम, रजनी नेगी आदि बैठे। यूकेडी जिलाध्यक्ष सुबोध पोखरियाल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं हुई तो वे तालाबंदी आंदोलन करेंगे।