पौड़ी। सर्किट हाउस निवासी बुजुर्ग महिला ने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने पंचनामे के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के अनुसार महिला ने आत्महत्या की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्किट हाउस निवासी मृतका के पुत्र मातवर सिंह नेगी ने बृहस्पतिवार देर सांय पुलिस को सूचना दी कि उनकी मां सूरजी देवी पत्नी स्व. कल्याण सिंह ने देवप्रयाग रोड सर्किट हाउस के जंगल में पेड़ पर लटक कर जान दे दी है। उन्होंने बताया कि उनकी मां सुबह घास लेने जंगल गई थी, लेकिन देर सांय तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो वह पुराने एसएसपी बंगले के पास जंगल में एक पेड़ से लटकी मिलीं। परिजनों ने इसकी सूचना थाना कोतवाली को दी। पुलिस ने रात ही शव को अपने कब्जे में लिया और शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद उनियाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम किया गया है। मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ है। पुलिस तफ्तीश में जुटी है।