पौड़ी। पौड़ी का प्रेक्षागृह मरम्मत के अभाव में जर्जर हो रहा है। वर्ष 2016-17 की जिला योजना में प्रेक्षागृह की मरम्मत के लिए 27 लाख जारी किए गए। बावजूद मरम्मत का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इसकी बड़ी वजह क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी गढ़वाल मंडल व प्रभारी अधिकारी संस्कृति भवन का देहरादून में डेरा जमाना भी है।
मंडल मुख्यालय पौड़ी के संस्कृति भवन की इमारत में तीन विभाग संचालित होते हैं। भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी व संस्कृति भवन। इन तीनों आफिसों की दीवारों पर लगातार पानी का रिसाव है। बरसात में इमारत की छत से पानी टपकता है और सामान्य दिनों में शौचालयों से रिसता पानी दीवारों को नुकसान पहुंचा रहा है। भवन के पानी के पाइप भी लीक हो रहे हैं और इसका पानी भी दीवारों पर असर डाल रहा है। वर्ष 2016-17 की जिला योजना से भवन की मरम्मत के लिए 27 लाख शासन ने जारी हुए, लेकिन मरम्मत नहीं हो पाई है, जबकि विभाग ने लोनिवि निर्माण खंड के खाते में 27 लाख भी जमा कर दिए हैं। प्रभारी अधिकारी संस्कृति विभाग देहरादून में अटैच होने से कार्य सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। धनराशि देने के बाद भी संस्कृति विभाग की ओर से पहल नहीं करने से लोनिवि भी मरम्मत को टाल रहा है।
संस्कृति भवन की मरम्मत की धनराशि विभाग के खाते में मार्च 2017 में जमा हुई। अब शीघ्र मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -
रितिका सेमवाल, सहायक अभियंता, निर्माण खंड लोनिवि, पौड़ी।
लोनिवि के खाते में धनराशि जमा कर दी गई, मगर काम शुरू नहीं हो पाया है। इस बारे में विभाग को पत्र भेजा गया है और मौखिक रूप से भी अवगत करवा दिया गया है। -आशीष कुमार, प्रभारी अधिकारी संस्कृति भवन, पौड़ी।