पौड़ी। मानदेय समेत विभिन्न मांगों को लेकर सात दिन से कार्य बहिष्कार कर रही आशा कार्यकत्रियों ने बुधवार को कोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तालेबंदी कर दी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने खासी मान मनौवल के बाद उन्हें शांत कराया।
आशा कार्यकत्री संगठन के बैनर तले आशाओं का कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। जिले की आशा कार्यकत्रियों ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। वहीं, कोट ब्लाक की आशा कार्यकत्रियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। बाद में चिकित्सा अधिकारियों के अनुरोध पर उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। आशाओं ने चेतावनी दी कि अब भी अगर सरकार ने उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो सरकारी विभागों में तालेबंदी का यह अभियान जारी रहेगा और आंदोलन को अधिक उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में संगठन की जिला सचिव धनवंती जुयाल, मालती, सुनीता, रश्मि, बबीता, गीता, दीपिका, पदमा, बसंती, विनीता, मधु, विजयलक्ष्मी, संगीता, सुनीता, यशोदा व गुड्डी आदि शामिल रही।