पौड़ी। गढ़वाल मंडलायुक्त के निर्देश पर डीएम व सीडीओ पौड़ी ने मंडलीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जिससे इन कार्यालयों में हड़कंप मच गया। अधिकारी-कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। निरीक्षण में लोनिवि के गढ़वाल परिक्षेत्र मुख्य अभियंता सहित 20 अधिकारी-कर्मचारी नदारद मिले। डीएम ने रिपोर्ट आयुक्त को भेज दी है। आयुक्त ने नदारद अधिकारी-कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया है।
बुधवार को जिलाधिकारी पौड़ी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मुख्य अभियंता लोनिवि गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में मुख्य अभियंता, कनिष्ट अभियंता, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ट सहायक व दो अनुसेवक ड्यूटी से नदारद मिले। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कनिष्ट सहायक, कनिष्ट अभियंता, व्यक्तिक सहायक व सफाई नायिका गायब रहे। अपर निदेशक माध्यमिक कार्यालय में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, कनिष्ट सहायक, अनुसेवक ड्यूटी पर नहीं मिले। सीडीओ दीप्ति सिंह ने अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में प्रधान सहायक, तीन नियमित फील्ड कर्मचारी, मुख्य अभियंता पेयजल निगम कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कनिष्ट सहायक ड्यूटी से गायब मिले। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि आयुक्त के निर्देश पर विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की रिपोर्ट आयुक्त गढ़वाल मंडल को भेज दी गई है। आयुक्त डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि ड्यूटी से नदारद अधिकारी-कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।