श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर की ग्रामीण महिलाओं की आजीविका में सुधार व उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए करीब 26 ग्राम पंचायतों में 177 महिला समूहों का गठन किया गया है। अब इन समूहों के संचालन के लिए नौ ग्राम संगठन बनाए गए है।
मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना के तहत विकास खंड की 26 ग्राम पंचायतों में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अब तक करीब 177 महिला समूह का गठन किया गया है। खंड विकास अधिकारी केएस रावत ने बताया कि आठ ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जिनमें पांच से अधिक समूह बने है। इन ग्राम पंचायतों में समूह के मार्ग दर्शन व सही संचालन के लिए ग्राम संगठन का गठन किया गया है। इस संगठन में प्रत्येक स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव व सह सचिव सदस्य होंगे। जोकि समूह को बैंक आदि से फंडिंग करने में भी मदद करेंगे। बताया कि जिन गांवों में स्वयं सहायता समूह व ग्राम संगठन का गठन नहीं हो पाया है। उन ग्राम पंचायतों में अप्रैल से प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।