पौड़ी। गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी में आयोजित होने वाला दो दिवसीय हिलांस किसान मेला बारिश के चलते स्थगित हो गया है। हालांकि मेले की आगामी तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। लेकिन एकीकृत आजीविका विकास परियोजना की पहल पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। दर्पण समिति अल्मोड़ा के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांवों की वर्तमान स्थिति को शानदार अंदाज में बयां किया।
बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में मुख्य अतिथि गढ़वाल मंडल आयुक्त बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने किसान गोष्ठी का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहाड़ के गांवों की समृद्धि ग्रामीण की आजीविका के विकास में छिपा है। उन्होंने आईएलएसपी के तहत किए जा रहे कार्यों को सरानहीय बताया। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने गांवों से पलायन को रोकने की दिशा में सभी विभागों को एकसाथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया। आईएलएसपी के परियोजना निदेशक अशोक कुमार चर्तुवेदी ने बताया कि परियोजना के तहत जनपद पौड़ी के विकास खंड पाबौ, एकेश्वर व कल्जीखाल में काम किया जा रहा है। आईएलएसपी कल्जीखाल में काम कर रही है। जहां उत्पादकों के 312 समूह तैयार किए गए हैं। जलागम के उप-परियोजना निदेशक रविकांत मिश्रा ने बताया कि विकास खंड पाबौ व एकेश्वर में 5183 परिवार योजना से जुड़े हैं। कार्यक्रम का संचालन कंचन नेगी ने किया। इस अवसर पर सीडीओ दीप्ति सिंह, एपीडी सुनील कुमार, सहकारिता समन्वयक हरमीन सिंह रावत, कार्यक्रम प्रबंधक विनय गुणवंत व संजय सक्सेना, सहायक प्रबंधक मार्केटिंग आशुतोष कौसिक, विकाश शर्मा, दीपक नेगी, कुलदीप बिष्ट, पंकज असवाल, भूपेन्द्र सिंह, जयवीर आर्य, पंकज अरोड़ा आदि मौजूद थे।