पौड़ी। राष्ट्रीय गो रक्षा महासंघ पहाड़ की महिलाओं को विश्व महिला दिवस पर दिल्ली में सम्मानित करेगा। महासंघ विशेष तौर पर उन महिलाओं को सम्मान देगा, जो पहाड़ में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं।
सोमवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में राष्ट्रीय गो रक्षा महासंघ के गाजियाबाद जिला प्रभारी संजय चौहान ने पत्रकारवार्ता में कहा कि समाज के सतत विकास में मातृशक्ति का योगदान अतुलनीय है। महासंघ नई सोच नई पहल कार्यक्रम के तहत पहाड़ की महिलाओं को विश्व महिला दिवस पर सम्मानित करेगा। उन्होंने बताया कि पहाड़ में गरीब मेधावी छात्रों की शिक्षा में मदद, गंभीर रूप से बीमार के उपचार में मदद, खाली पड़ चुके गांवों में सामूहिक खेती के लिए युवाओं को आर्थिक मदद, बीज, खाद व उपकरण लेने में सहयोग दिया जाएगा। ‘पलायन एक चिंतन’ अभियान के सदस्य अनिल बहुगुणा ने गांव में मौजूद संसाधनों को आधुनिक रूप देकर आजीविका को बढ़ाए जाने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। इस अवसर पर मंजू भदोला व बबीता नेगी आदि मौजूद थे।