पौड़ी। विकास खंड कोट के प्रमुख व सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष ने कोट महोत्सव को प्रोत्साहन दिए जाने पर जोर दिया। कहा कि वर्ष 1968 में कोट व आसपास के ग्रामीणों ने फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया, जो आज 50 साल पूरे कर चुका है।
बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में विकास खंड कोट के प्रमुख व सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष सुनील लिंगवाल ने कोट महोत्सव की उपलब्धियां सांझा कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से फुटबाल प्रतियोगिता के आयोजन को क्षेत्र पंचायत से राज्य स्तर पर लाया गया है, लेकिन महोत्सव के आयोजन में सरकार व जनप्रतिनिधियों को सहयोग उतना सकारात्मक नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस आयोजन को कराने में मदद करे तो यह फुटबाल प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की बन सकती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन को 50 साल पूरे हो गए। इसको लेकर समिति ने बुजुर्ग खिलाड़ियों के लिए मैत्री मुकाबले का आयोजन किया, जो एक उपलब्धि है। इस अवसर पर समिति के सचिव सुखदेव सिंह, धर्मवीर चौहान, प्रमोद नेगी, नरेंद्र सिंह, भगवान सिंह, अजय कुमार, अरुण रौथाण व जगदीश आदि मौजूद थे।