पौड़ी। शिक्षा विभाग की ओर से पदोन्नति सूची जारी नहीं किए जाने से नाराज मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शिक्षा परिसर पौड़ी में मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध स्वरूप कार्य किया। एजूकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडलीय सचिव सीताराम पोखरियाल ने बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक के पदों पर पदोन्नति सूची जारी नहीं की जा रही है। इसको लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी को मंडल के समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से निदेशक को ज्ञापन भेजा जाएगा। पोखरियाल ने बताया कि बावजूद इसके सूची जारी नहीं होने पर 20 जनवरी को निदेशालय देहरादून में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर कुलदीप रावत, आनंद लिंगवाल, महिपाल सिंह, चंद्रमणि, दिनेश गैरोला, अजीत बिष्ट, आशा राम सेमवाल, दीपक बहुगुणा व भूपेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।