पौड़ी। पाबौ विकासखंड में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ राजस्व पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि बालिका से रास्ता पूछने के बहाने उसका हाथ खींचकर उससे छेड़छाड़ की गई।
क्षेत्र में दूसरे समुदाय के युवक द्वारा नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप है। आरोपी की बीते दिनों स्थानीय लोगों ने धुनाई के बाद उसके मुंह पर कालिख पोतकर क्षेत्र में घुमाया। लोगों ने कहा कि पुलिस द्वारा बाहर से आए लोगों का सत्यापन नहीं किया जा रहा है। यही वजह है कि छोटे मोटे काम धंधों के लिए क्षेत्र में आने वाले लोग इस तरह की घटनाएं कर रहे हैं।
महिलाओं के आंदोलन के बाद हरकत में आया प्रशासन
पौड़ी में महिलाओं के विरोध के बाद मामले में प्रशासन हरकत में आया। राज्य आंदोलनकारी एवं स्थानीय महिलाओं ने सोमवार को इस मामले में डीएम कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया था। महिलाओं का कहना था कि यदि तीन दिन के भीतर मामले में कार्रवाई न हुई तो पौड़ी बाजार बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
नाबालिग की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।-श्याम सिंह राणा, एसडीएम पौड़ी