पौड़ी। सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति की ओर से आयोजित फुटबाल स्पर्धा में मंगलवार को राज्य स्तरीय फुटबाल स्पर्धाएं आयोजित हुई। खेले गए मैचों में गढ़वाल राइफल्स व देहरादून की टीमों ने बढ़त बना ली है।
मंगलवार पहले मैच में गढ़वाल राइफल्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा मुकाबले में रुड़की को चार-शून्य से हराया। गढ़वाल राइफल्स की ओर से मोहित ने चार बेहतरीन गोल दागे। पूरे मैच में रुड़की की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। दूसरे मुकाबले में देहरादून ने कोटद्वार को पांच-एक से हरा दिया। देहरादून की ओर से मयूर शर्मा ने दो और अजय, ऋषभ और निर्मल ने एक-एक गोल किए। कोटद्वार की ओर से त्रिलोक ने एक गोल किया। आज (बुधवार) को पहला मैच श्रीनगर व पौड़ी व दूसरा मैच दून और रामनगर की टीमों के बीच खेला जाएगा। मैचों में प्रवीन रावत, राजेंद्र रावत, ललित बिष्ट ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मैच के मुख्य अतिथि कैलाश बिष्ट, गुणानंद गैरोला, समिति के अध्यक्ष सुनील लिंगवाल, तामेश्वर आर्य, आलोक चारु आदि रहे।