पौड़ी। अगरोड़ा के ग्रामीण क्षेत्र नौडियाल गांव के महिला मंगल दल ने श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया है। बुधवार को अगरोड़ा ईड गाड से नौडियाल गांव तक कलश यात्रा मां राजजेश्वरी की डोली की अगुवाई में निकाली गई। कलश यात्रा के बाद गांव में बाल व्यास सुधांशु गैरोला ने प्रथम दिन के प्रवचन में संतोष को परम धन बताया।
ब्लाक पौड़ी के अगरोड़ा क्षेत्र के गांव नौडियाल गांव में महिला मंगल दल ने श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन का निर्णय लिया। कथा का प्रयोजन पित्रों को मोक्ष और ग्राम शांति है। गांव की महिला मंगल दल बुधवार सुबह ढोल-बाजों के साथ ईड गाड पहुंची। यहां विधिवत पूजा अर्चना के बाद कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में नौड़ियाल गांव, बूंगा, डांग, मवांयू, जसपुर, निसणी व कोलड़ी आदि गांवों के ग्रामीण शामिल रहे। सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मोहन बिष्ट ने बताया कि आयोजन में कई गांव शामिल हो रहे हैं। यात्रा में जिला पंचायत सदस्य अगरोड़ा लक्ष्मी बिष्ट, ग्राम प्रधान चिंडालु नूतन देवी, सीता देवी, गोदांबरी देवी, प्रमिला, सुलोचना व संगीता आदि मौजूद रहे।