पौड़ी। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति का अनशन सोमवार को एसडीएम के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। एसडीएम ने चार दिन से अनशन पर बैठे दीपक रावत को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने ट्रंचिंग ग्राउंड और बस अड्डे का अधूरा निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के पास अनशन किया था। समिति के संयोजक नमन चंदोला का अनशन जबरन समाप्त करवाने के बाद दीपक रावत व गंभीर सिंह आमरण अनशन पर बैठे थे। रविवार रात्रि गंभीर सिंह का स्वास्थ्य अचानक खराब हो जाने के बाद उनका अनशन रात्रि में ही समाप्त हो गया, जबकि दीपक रावत अनशन पर डटे रहे। सोमवार को एसडीएम किशन सिंह नेगी और तहसीलदार एचके खंडूड़ी अनशन स्थल पर पहुंचे। अनशनकारियों के साथ लंबी वार्ता के बाद एसडीएम ने नौ मांगों को निस्तारित करने का लिखित आश्वासन दिया। एसडीएम ने कूड़ा निस्तारण के लिए शीघ्र प्रक्रिया आरंभ करने, ग्राम मल्ली में पेयजल सुविधा में सुधारीकरण, शहर को सीवरेज योजना से जोड़ने के लिए पालिका से कार्रवाई करवाने, फर्जी राज्य आंदोलनकारियों के खिलाफ निर्णय लेने, शहर में अतिक्रमण हटाने व पौड़ी बस अड्डे के अधूरे कार्यों को शीघ्र शुरू करने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन के बाद दीपक रावत को एसडीएम ने जूस पिलाया। समिति के संयोजक नमन चंदोला ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।