पौड़ी। जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज की लापरवाही कॉलेज के एससी-एसटी छात्रों पर भारी पड़ रही है। इन छात्रों को दो वर्ष से समाज कल्याण से मिलने वाली छात्रवृत्ति इसलिए नहीं मिल पा रही है क्योंकि कालेज प्रशासन ने इन छात्रों की सूची समाज कल्याण विभाग को भेजी ही नहीं है। अब छात्रों को द्वितीय सेमेस्टर की फीस जमा करनी है और धनराशि उन्हें अभी तक मिली नहीं।
जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी घुड़दौड़ी में सिविल इंजीनियरिंग, बायोटेक और अन्य पाठ्यक्रमों में अध्यनरत एससी-एसटी छात्रों को प्रत्येक वर्ष 65 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलती है। इस छात्रवृत्ति से वे अपनी स्कूल फीस देते हैं लेकिन, कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की सूची समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध ही नहीं कराई है।
कॉलेज के छात्र अदिति, पवन, प्रदीप, दिवाकर, उज्ज्वला, कुलदीप कुमार, हिमांशु, विनायक, अरुण, ज्योति, उपासना, विनीता आदि ने इस बारे में कई बार डीन स्टूडेंट वेलफेयर को पत्र भी दिए, मगर कॉलेज ने इसे महत्व नहीं दिया। इन छात्रों का कहना है कि वे मार्च में कॉलेज को छात्रवृत्ति संबंधी पत्र सौंप चुके थे, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इसे अपडेट नहीं किया। बहरहाल कालेज की इस लापरवाही से 31 छात्र-छात्राएं परेशानी से जूझ रहे हैं।
कोट
समाज कल्याण विभाग में छात्रों की सूची अपडेट नहीं है। सूची अपडेट होने के बाद ही छात्रवृत्ति की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-रतन सिंह रावल, जिला समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी।
कोट
एससी-एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति अपडेट की जा रही है। छात्रों ने समय पर पत्रावलियां जमा नहीं कीं, जिसके चलते देरी हो रही है।-डॉ. बीएस मिश्रा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, जीबी पंत कालेज घुड़दौड़ी।