पौड़ी। छतरीधार के समीप सोमवार रात चार दुकानों में आग लग गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आग लगने का कारण प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से लाखों रुपये के नुकसान का आकलन है।
सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे कोटद्वार रोड पर छतरीधार के समीप एक फर्नीचर की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास की तीन अन्य दुकानों तक फैल गई। दुकानों से धुआं उठता देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। साथ ही इन दुकानों के संचालक मोहम्मद यूनुस, नौशाद, सतेसिंह और सचिन प्रजापति भी वहां पहुंचे। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने ऊर्जा निगम से संपर्क कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित कराई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जहां दुकानों में आग लगी उसके आसपास आवासीय भवन भी हैं। अगर समय रहते सतर्कता न बरती होती तो आग फैलकर आवासीय भवनों को चपेट में भी ले सकती थी। रात को आग लगने से जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।