पौड़ी। केंद्रीय विश्वविद्यालय पौड़ी परिसर के छात्रों ने लंबित मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन में सांकेतिक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परिसर में छात्रावास की जर्जर स्थिति सहित कई समस्याएं बनी हैं। प्रदर्शन के दौरान कुलपति अन्नपूर्णा नौटियाल प्रशासनिक भवन में प्रोफेसरों की बैठक ले रही थीं। बाद में उन्होंने छात्रों से वार्ता कर उन्हें समझाया।
हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति अन्नपूर्णा नौटियाल के पौड़ी परिसर में आने की जानकारी परिसर छात्रों को लगते ही उन्होंने प्रशासनिक भवन के आगे पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार के प्रदर्शन के बावजूद मांगों पर अमल नहीं हुआ। परिसर में किचन और छात्रावास की जर्जर स्थिति बनी है। इसके अलावा ऑडिटोरियम भी नहीं है। छात्र संघ अध्यक्ष प्रफुल्ल और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि परिसर में एटीएम मशीन, सीसीटीवी कैमरे और छात्रों के लिए बस की सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व कुलपति ने छह महीने के भीतर मांग पर अमल का आश्वासन दिया था, लेकिन समस्याएं जस की तस हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में पौड़ी के साथ भेदभाव हो रहा। प्रदर्शनकारियों में छात्रसंघ सचिव आकाश, दीपक नौटियाल, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित, छात्र संघ उपाध्यक्ष आकाश, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव, नितिन, मोहित सिंह व दीपक नौटियाल आदि शामिल रहे।