पौड़ी। डिप्लोमा फार्मासिस्टों ने चार साल से केदारनाथ यात्रा में दी जाने वाली सेवाओं के बिल भुगतान अभी तक न होने पर रोष प्रकट किया है। उन्होंने शीघ्र भुगतान न होने पर यात्रा ड्यूटी बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन पौड़ी की पीएचसी पाटीसैंण में बैठक हुई। इसमें सभी फार्मासिस्टों ने लंबित मांगों और समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। जिलाध्यक्ष पीएस राणा ने कहा कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पाटीसैंण और मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी द्वारा केदारनाथ में 2014 से पिछले साल तक यात्रा के दौरान दी गई सेवाओं के बिल भुगतान अभी तक नहीं किए गए हैं। इसको लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया है। इसके बावजूद कोई सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र बिलों का भुगतान नहीं हुआ तो एसोसिएशन आगामी यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार करेगी। बैठक में आरके आर्य, टीआर रौथाण, सुजीत रावत, संदीप ममगाईं व संजय चौधरी आदि शामिल रहे।