पौड़ी। तीन माह से वेतन ने मिलने से गुस्साए पेयजल निगम कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी कर धरना- प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शीघ्र वेतन न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
अधिकारी, कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के आह्वान पर पौड़ी जल निगम कार्यालय में कर्मचारियों ने मंगलवार को तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान धरना स्थल पर सभा का आयोजन भी किया गया। सभा की अध्यक्षता करते हुए पुरुषोत्तम ममगाईं ने कहा कि पेयजल निगम में पिछले तीन माह से कर्मचारियों और अधिकारियों को वेतन नहीं मिला है। इसके कारण उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि जब तक तीन महीने का वेतन नहीं मिला और माह में वेतन की तिथि निश्चित करने का लिखित आश्वासन नहीं मिला, तब तक कर्मचारियों को आंदोलन जारी रहेगा।
तालाबंदी और प्रदर्शन करने वालों में एससी रमोली, अमर सिंह, विवेक भट्ट, रुचि असवाल, सतेंद्र पाल सिंह, हरेंद्र कुमार, दलीप सिंह, प्रदीप सिंह कठैत, धन सिंह व विकास गुसाईं आदि शामिल रहे।