श्रीनगर। बारिश के बावजूद बेस अस्पताल में बुधवार को आयोजित विशेष कार्डियोलॉजी ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप मालविया ने 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया। ओपीडी के दौरान 15 मरीजों की इकोकार्डियोग्राफी (ईको) जांच की गई जबकि 20 से अधिक मरीजों का ईसीजी परीक्षण किया गया। जांच में लोगों में हृदय संबंधी समस्याएं दिखीं और चिकित्सकीय परामर्श के बाद उपचार शुरू किया गया। डॉ. मालविया ने बताया कि बदलती जीवनशैली, मानसिक तनाव, असंतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित भोजन लेने और रोजाना व्यायाम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उपचार से हृदय रोगों से होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। संवाद