देवप्रयाग। हिडोलाखाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिव पार्वती मंदिर में पूजा कर रही महंत भजनगिरी माई (73वर्ष) पर जानलेवा हमले का मामला प्रकाश में आया है।
शाम करीब 6 बजे जब महंत भजनगिरी माई मंदिर में पूजा-अर्चना कर रही थीं तभी पीछे से एक व्यक्ति अरविंद ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। महंत ने चाकू छीनने की कोशिश की इस दौरान चाकू हमलावर के हाथ से छूट गया लेकिन महंत का हाथ कट गया। इसके बाद आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। इससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। प्रधान चोली विक्रम सिंह पंवार की सूचना पर सब इंस्पेक्टर धनंजय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। मगर तब तक आरोपी भाग चुका था। घायल महंत को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्यूरा ले जाया गया है। प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि महंत भजन गिरी माई पर पहले भी दो बार हमला हो चुका है। हिडोलाखाल पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण बुटोला ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में चाकू लगने के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मारपीट और हमले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।