पौड़ी। लोक सभा चुनाव में प्रत्याशी सिर्फ चार दिन ही नामांकन दाखिल कर पाएंगे। निर्वाचन विभाग नामांकन सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जोनल, सेक्टर व माइक्रो ऑब्जर्वर की बैठक लेते हुए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 16 मार्च तक संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित किए जाने के निर्देश भी दिए। इस बार प्रत्याशी सिर्फ चार दिन नामांकन कर पाएंगे।
बृहस्पतिवार को मुख्यालय स्थित संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने चुनाव तैयारी बैठक ली। इसमें जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर व पीठासीन अधिकारी मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी गर्ब्याल ने कहा कि जनपद की छह विधान सभाओं के पांच लाख 51 हजार मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। जनपद की सभी सीटों में 32 जोनल व 116 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर लिए गए हैं। उन्हें 16 मार्च तक संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित करना है। उप-जिला निर्वाचन अधिकारी डा. एसके बरनवाल ने बताया कि लोक सभा चुनाव में प्रत्याशी सिर्फ चार दिन नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गढ़वाल सीट पर 18 से 25 मार्च तक नामांकन तिथि है, लेकिन 20, 21 व 23, 24 मार्च को अवकाश के चलते नामांकन दाखिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी 18, 19, 22 और 25 मार्च को ही नामांकनपत्र जमा कर सकते हैं। इस अवसर पर मतदान कार्मिक नोडल अधिकारी दीप्ति सिंह, प्रशिक्षण प्रबंधन नोडल अधिकारी दीपक रावत, नोडल अधिकारी ईवीएम एमएम खान, एआरओ पौड़ी योगेश सिंह, एआरओ चौबट्टाखाल सौरभ असवाल आदि मौजूद थे।