श्रीनगर। विद्युत बिलों का भुगतान न करने पर विभाग ने अब तक 152 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे है। बकाया बिलों के भुगतान के लिए 15 मार्च तक का समय दिया गया है।
विद्युत उपखंड श्रीनगर, कीर्तिनगर व देवप्रयाग में विद्युत विभाग के करीब 43 हजार 245 कनेक्शन है। इनमें से अधिकतर उपभोक्ताओं ने भुगतान नहीं किया है। विभाग का करीब 1 करोड़ 33 लाख बकाया है। विभाग के अधिशासी अभियंता एसके सहगल ने बताया कि शिक्षा विभाग पर 16 लाख 29 हजार , राजस्व विभाग पर 2 लाख 32 हजार सात सौ, सिंचाई विभाग पर 8 लाख, लोक निर्माण विभाग 1 लाख 38 हजार व बीएसएनएल पर करीब 16 लाख बकाया है। इसके अलावा वन विभाग, स्वास्थ्य, विकास खंड कार्यालय व कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुछ उपभोक्ताओं ने भी विद्युत बिलों का भुगतान नहीं किया है। सभी को नोटिस जारी कर 15 मार्च तक का समय दिया गया है। बताया कि अब तक 152 उपभोक्तओं के कनेक्शन काट दिए गए है। जिनसे 23 लाख के बकाया बिलों की धनराशि वसूली गई है।