श्रीनगर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री खजान दास ने कहा कि लोक सभा चुनाव की तैयारियों के तहत पार्टी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में त्रिस्तरीय सम्मेलन आयोजित कर रही है। गढ़वाल लोकसभा सीट के लिए 20 फरवरी से पहले श्रीनगर के जीआईएंडटीआई मैदान में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 2250 बूथों के 7200 पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में खजान दास ने चुनाव तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की पांच लोकसभा सीटों को चार कलस्टर में बांटा गया है, जिसमें त्रिशक्ति सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जा रही है। श्रीनगर में गढ़वाल की आठ विधानसभा क्षेत्रों का त्रिशक्ति सम्मेलन 20 फरवरी से पहले आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, श्याम जाजू व थावरचंद गहलोध, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेंगे। जबकि सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व पार्टी पदाधिकारियों सहित 26 प्रकार के कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद रहेंगे। इसके लिए सभी मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है। कहा कि 11 फरवरी को प. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को समर्पण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें सभी कार्यकर्ता 100 रुपये से पांच रुपये से तक की धनराशि मोदी एप में जमा करेंगे। जबकि 26 फरवरी को कमल दीप कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले हर व्यक्ति के घर में दीप जलाया जाएगा। साथ ही इस तिथि तक पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने घर के ऊपर पार्टी का झंडा लगाने को कहा गया है।
दो को निकालेंगे बाइक रैली
पूर्व मंत्री खजान दास ने बताया कि 2 मार्च को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजयुमो की ओर से बाइक रैली आयोजित की जाएगी। इस मौके पर लोकसभा प्रभारी कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, संजय नेगी, विकास कुकरेती, नीरज पांथरी आदि मौजूद थे। दूसरी ओर त्रिशक्ति सम्मेलन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में प्रदेश के उपशिक्षा राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत सहित लोकसभा प्रभारी, क्षेत्रीय विधायक,मंडल तथा जिला स्तर के पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत, लोकसभा प्रभारी कैलाश शर्मा व मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने त्रिशक्ति सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जीआईएंडटीआई मैदान का भी निरीक्षण किया।
................
जारी
धनवीर