पौड़ी। जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को 300 से अधिक शिकायतें सौंपी। सीएम ने समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने बुधवार को आम लोगों के समस्याएं सुनीं। जिला सहकारी क्रय-विक्रय समिति के अध्यक्ष राहुल तड़ियाल ने वीर चंद्र सिंह राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान श्रीनगर में अनियमिततएं बरतने का आरोप लगाया। प्रगतिशील जन मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने बताया कि राजकीय संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर से पांच डाक्टरों का तबादला कर दिया गया। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है। स्वामी ने नए डाक्टरों की तैनाती शीघ्र करने की मांग की। ज्ञापन में हरीश प्रसाद उप्रेती, प्रेम दत्त नौटियाल, चंद्र मोहन बहुगुणा, सुनीता पंवार, सरस्वती नौटियाल, सदानंद पुरी आदि के हस्ताक्षर भी हैं।
उन्नति प्रोजेक्ट के अनुदेशकों ने शैक्षिक सत्र को बढ़ाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सरिता देवी, वंदना देवी, वीना गुसांई, हेमलता बिष्ट, आनंद सिंह, दिनेश सिंह बिष्ट, निशा, आदि शामिल रहे। उत्तराखंड राज्य निर्माण चिह्नित आंदोलनकारी मंच ने राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में बढ़ोत्तरी की मांग की। उपनल कर्मचारी संगठन ने नियमितीकरण की मांग की। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन ने बड़खोलू में झूला पुल के स्थान पर 90 मीटर मोटर पुल का निर्माण सात साल में भी पूरा न होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन ने आशा कर्मियों का मानदेय 18 हजार रुपये करने की मांग की। ठेकेदार एसोसिएशन ने टेंडर नीति पर मुख्यमंत्री से मिले सकारात्मक आश्वासन पर धरना समाप्त किया। डांगी के उप प्रधान जगमोहन डांगी ने मनियारस्यूं पट्टी के घंडियाल-डांगी मोटर मार्ग को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की।
मुख्यमंत्री की मुख्य घोषणाएं
-गगवाड़स्यूं की ल्वाली झील का निर्माण
-कंडोलिया क्षेत्र का सौंदर्यीकरण
-श्रीनगर-पौड़ी-खिर्सू-लैंसडौन पर्यटन सर्किट का विकास
-रांसी स्टेडियम का विस्तार
-कल्जीखाल ब्लाक की नयारघाटी के बडख़ोलू पुल निर्माण
-कूड़ा निस्तारण के लिए धन का आवंटन
-विलकेदार से घुड़दौड़ी तक पेयजल पंपिंग योजना का निर्माण
-उमरासू में सिंचाई नहर का पुनर्निर्माण करने
-पौड़ी पावर हाउस में टैक्सी स्टैंड का निर्माण
-पौड़ी जिला चिकित्सालय में डिजिटल एक्सरे मशीन की व्यवस्था और आईसीयू वार्ड
-सत्यखाल-डांग नागराज सिद्धपीठ तक और बगोलीधार-दोंदल हल्का वाहन मार्ग का भारी वाहन मोटर मार्ग में उच्चीकरण व डामरीकरण
-कल्जीखाल ब्लॉक में सिलेथ-क्यार्क सैंण मोटर मार्ग का डामरीकरण
-रामलीला मैदान पौड़ी में प्रकाश व्यवस्था
इन योजनाओं का किया शिलान्यास
-245.45 लाख रुपये की लागत से जयहरीखाल के अंतर्गत खैरासैंण मोटर मार्ग के पक्कीकरण का कार्य।
-130.63 लाख रुपये की लागत की श्रीनगर-मथीगांव पेयजल योजना।
-135.97 करोड़ की नौगांव (चलूंणी) पेयजल योजना।
-299.27 लाख रुपये लागत से जिला योजना (पूल्ड आवास) श्रेणी के चार आवासों का निर्माण।
-यमकेश्वर क्षेत्रांतर्गत गरूड़ चट्टी-कांडी रोड से तोलसारी तक 89 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का निर्माण।
-पौड़ी नगर पालिका क्षेत्र में 125 लाख रुपये की लागत से कंडोलिया से क्यूंकालेश्वर तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण व नवीनीकरण।
-रिखणीखाल ब्लाक में 86.83 लाख रुपये से निरीक्षण भवन का निर्माण।
-87.80 लाख रुपये से गुमखाल-द्वारीखाल-चैलूसैंण-मथगांव मोटर मार्ग का डामरीकरण।
-232.38 लाख रुपये की लागत के खालदरखास्ती (रिखणीखाल ब्लॉक) मोटर मार्ग का निर्माण।