देवप्रयाग। लॉकडाउन के दौरान क्वांरटीन किए गए 36 लोगों को 20 दिन बाद छोड़ दिया गया। इनमें 26 उत्तराखंड निवासी, जबकि 10 यूपी के मजदूर शामिल थे, जो श्रीनगर में रह रहे थे। 33 लोगों को तीन बसों के जरिये उनके गंतव्य के लिए भेजा गया, जबकि तीन को बाइक से रवाना किया गया।
लंबे इंतजार के बाद घर जाने की खुशी इनके चेहरों पर साफ झलक रही थी। तहसीलदार एसएस कठैत ने बताया कि क्वारंटीन किए लोगों का स्वास्थ्य लगातार जांचा गया। सभी की स्थिति सामान्य थी, लिहाजा इन्हें छोड़ने का फैसला किया गया। 14 दिन की अवधि पूरी होने पर इनका सब्र जवाब देने लगा था। इस दौरान थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. सतीश कुमार आदि मौजूद थे।