श्रीनगर। उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) देहरादून की पहल पर सरस्वती विद्या मंदिर श्रीनगर में पेंटिंग, भाषण, स्लोगन आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसमें नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। उक्त कार्यक्रम गढ़वाल विवि के भौतिक विज्ञान विभाग के सहयोग से किए गए।
मंगलवार को आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में शैमफोर्ड स्कूल के श्रेय वर्मा ने प्रथम, जीजीआईसी की मधु गैरोला ने द्वितीय, शैमफोर्ड स्कूल की अनुष्का उप्रेती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर श्रीनगर की शिक्षा नेगी पहले, साक्षी रावत दूसरे व मोनिका जोशी तीसरे स्थान पर रही। इसी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी श्रीनगर के अकरम हुसैन प्रथम, कार्तिक मिश्रा द्वितीय, जीजीआईसी की अनुष्का मलासी व प्रियदर्शनी तृतीय रही। भाषण प्रतियोगिता में जीआईसी श्रीनगर के रविंद्र सिंह, ऋषभ जैन पहले व दूसरे तथा शैमफोर्ड स्कूल की प्रेरणा, मीनाक्षी व जीजीआईसी की अंबिका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। इस अवसर पर यूसर्क के डा. ओमप्रकाश नौटियाल, यूसर्क के समन्वयक डा. मनीष उनियाल, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मुकेश मैठाणी, शिक्षिका पूनम कंडारी, राखी काला आदि मौजूद रहे।